-परीक्षा में कुल मिलाकर 47.50 फीसदी छात्र सफल
-इम्प्रूवमेंट के एग्जाम का रिजल्ट 59 फीसदी रहा
-पास होने वालों में लड़कों से आगे रहीं लड़कियां
-
-लड़कियों का पास प्रतिशत 50.80 तो लड़कों का 45.70 फीसदी रहा
-कंपार्टमेंट में 21471 छात्रों ने मिले 45-50 फीसदी अंक
-402 विद्यार्थियों को मिले हैं 75 फीसदी से अधिक अंक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बारहवीं कक्षा के कंपार्टमेंट व इम्प्रूवमेंट परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपार्टमेंट परीक्षा में 47.50 फीसदी छात्र सफल रहे हैं, जबकि इम्प्रूवमेंट परीक्षा का रिजल्ट 59 फीसदी रहा है। छात्र सीबीएसई की वेबसाइट से अपना रिजल्ट देख सकते हैं। यह परीक्षाएं 17 जुलाई को ही कई पालियों में आयोजित की गई थी। बोर्ड ने अभी दसवीं कक्षा के कंपार्टमेंट के रिजल्ट को घोषित नहीं किया है।
कंपार्टमेंट की परीक्षा में कुल 123416 छात्र पंजीकृत हुए थे, इसमें से 120742 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। जबकि 2674 अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल 57331 छात्र सफल घोषित किए हैं, इस तरह से परीक्षा का पास प्रतिशत 47.50 फीसदी रहा है। इस परीक्षा में भी लड़कियां लड़कों के मुकाबले में आगे रही हैं। लड़कियों का पास प्रतिशत 50.80 फीसदी व लड़कों का पास प्रतिशत 45.70 फीसदी रहा है। इस परीक्षा के बाद भी 63265 की फिर कंपार्टमेंट आई है। इनमें लड़कियों की संख्या 20675 व लड़कों की संख्या 42590 है। इस परीक्षा में 142 छात्र व छात्राओं को फेल घोषित किया गया है। इनमें लड़कों की संख्या 104 व लड़कियों की संख्या 38 है। इस परीक्षा में सबसे अधिक 21471 छात्र व छात्राओं के 45-50 फीसदी के बीच अंक हैं। जबकि 50-60 फीसदी अंक प्राप्त करने वालों की संख्या 21282 है।
75 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वालों की संख्या 402 है। इनमें 155 लड़कियां व 247 लड़के शामिल हैं। जबकि 60-75 फीसदी अंक 3101 छात्रों के हैं। 40-45 फीसदी अंक 10552 छात्रों ने प्राप्त किए हैं। जबकि 33-40 फीसदी अंक प्राप्त करने वालों की संख्या 523 है। इम्प्रूवमेंट परीक्षा के रिजल्ट में 59 फीसदी छात्रों ने अपने प्रदर्शन को सुधारा है। इसमें कुल 68747 छात्र पंजीकृत थे। इसमें 60419 परीक्षा में बैठे जबकि 8328 अनुपस्थित रहे। 35 फीसदी ऐसे छात्र हैं, जिनका प्रदर्शन गिरा है। छह फीसदी छात्र ऐसे हैं, जिनका प्रदर्शन पहले के समान ही रहा है।