13 घंटे तक आयकर भवन पर रहा सीबीआई का कब्जा
नोएडा। आयकर आयुक्त (अपील) के पद पर तैनात रहे संजय कुमार श्रीवास्तव की जांच के सिलसिले में नोएडा पहुंची सीबीआई टीम ने शुक्रवार को लगभग 13 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। सेक्टर-24 स्थित आयकर भवन की दूसरी मंजिल स्थित आयुक्त अपील सहित इससे जुड़े कार्यालयों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। इस दौरान कई अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी अधिकारी और कर्मचारियों को दफ्तर से बाहर नहीं जाने दिया गया। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार सुबह 10:30 बजे सीबीआई टीम आयकर भवन पहुंच गई थी। हालांकि, आयुक्त अपील और इससे जुड़े कार्यालयों को ही जांच के दायरे में रखा गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान कार्यालय से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को वहीं रोककर रखा गया था। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे दस्तावेज खंगालने के बाद जांच टीम रवाना हो गई। वहीं दफ्तर में तैनात कर्मचारी शुक्रवार रात 2 बजे तक दफ्तर से जाते दिखे।
हक्केबक्के रह गए अधिकारी
काली कमाई और कर चोरी के मामलों में अक्सर आयकर विभाग छापा मारता है लेकिन जब आयकर कार्यालय में सीबीआई टीम जांच करने पहुंची तो अधिकारियों से लेकर कर्मचारी तक हक्केबक्के रह गए। दिनभर यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।
दफ्तर में कायम थी हनक
सूत्रों के मुताबिक एसके श्रीवास्तव अपने व्यवहार को लेकर हमेशा चर्चा में रहते थे। उनकी हनक ऐसी थी कि कर्मचारी ही नहीं अन्य अफसर भी उनसे परेशान रहते थे। दोपहर 2 बजे के बाद दफ्तर आना और देर रात तक काम करना उनकी आदम में शुमार था। बताया जाता है कि उनकी इस आदत की वजह से अधिनस्थ अधिकारी और कर्मचारी परेशान रहते थे।
केंद्र सरकार ने वीआईपी कल्चर खत्म करने के लिए वाहनों पर लाल और नीली बत्ती लगाना प्रतिबंधित कर दिया था। बताया जाता है कि इसके बाद भी एसके श्रीवास्तव अपने वाहन पर नीली बत्ती का प्रयोग करते थे।