सीबीआई की टीम नेे डॉक्टरों से की पूछताछ
नोएडा। मणिपुर निवासी छात्र प्रवीश चनम की मौत के मामले में सोमवार को सीबीआई ने जिला अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों से पूछताछ की। सीबीआई की टीम तीन दिनों से नोएडा में ही है। करीब तीन घंटे तक जिला अस्पताल में रही टीम ने सीएमएस से भी जानकारी ली।
ग्रेटर नोएडा में आठ सितंबर 2017 की रात आयोजित म्यूजिकल कॉन्सर्ट में दोस्तों के साथ आए मणिपुर इंफाल निवासी 22 वर्षीय बीए का छात्र प्रवीश चनम लापता हो गया था। बाद में कॉन्सर्ट की मेडिकल टीम ने नोएडा सेक्टर-30 के जिला अस्पताल में प्रवीश को बेहोशी की हालत में भर्ती कराया था। 24 घंटे बाद ही 9 सितंबर की शाम को निठारी कार मार्केट के पास सड़क पर प्रवीश का शव मिला था। इससे जिला अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे। परिजनों ने सवाल उठाए थे कि जिला अस्पताल में भर्ती होने के बाद प्रवीश कहीं और कैसे गया। नोएडा पुलिस प्रवीश की शिनाख्त नहीं कर पाई थी और उसका अज्ञात में ही पोस्टमार्टम और दो दिन बाद अंतिम संस्कार भी करा दिया था। प्रवीश के परिजन उसकी तलाश करते हुए 14 सितंबर 2017 को नोएडा सेक्टर-20 थाने में पहुंच थे। यहां उन्होंने मृतक की फोटो से उसकी पहचान की। तभी से प्रवीश की मौत का रहस्य बरकरार है। परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सिफारिश पर छह जुलाई को सीबीआई लखनऊ की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने केस की जांच शुरू की। इसका मुकदमा सेक्टर-20 थाने में अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ था।