लॉजिक्स बिल्डर और बैंक अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई का आरोपपत्र
सबवेंशन स्कीम फ्रॉड में सीबीआई ने दाखिल की 8वीं चार्जशीट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फ्लैट में कब्जे तक किस्त नहीं के वादे पर बनी सबवेंशन स्कीम फर्जीवाड़े पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच जारी है। सीबीआई ने 8वीं चार्जशीट लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों और दो निजी बैंकों (आईसीआईसीआई व एचडीएफसी) के अधिकारियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की है।
सीबीआई की जांच में सामने आया है कि बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों ने बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर एक आपराधिक साजिश रची। आरोप है कि झूठे आश्वासनों और भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर खरीदारों को निवेश के लिए प्रेरित किया। इस प्रक्रिया में स्थापित नियमों का उल्लंघन कर वित्तीय लाभ प्राप्त किया गया, जिससे बैंक और घर खरीदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। जांच में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित बैंक अधिकारियों ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया। उन्होंने निर्धारित मानदंडों को दरकिनार कर बिल्डर कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया। साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया कि फंड का डायवर्जन किया गया और निवेशकों के साथ धोखाधड़ी की गई। इसके पहले सीबीआई अपनी जांच में रुद्र बिल्डवेल, ड्रीम प्रोकॉन, जेपी इंफ्राटेक, एवीजे डेवलपर्स, सीएचडी डेवलपर्स, शुभकामना बिल्डटेक और सीक्वल बिल्डकॉन जैसी कंपनियों और उनके निदेशकों के खिलाफ सात आरोपपत्र दाखिल किए गए हैं।