दिल्ली से कैब बुक कर चालक से पर्स और फोन लूटा
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली स्थित आईएसबीटी से कैब बुक कर दो बदमाशों ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एडवांट बिल्डिंग के पास चालक का गला दबाकर नकदी, मोबाइल और दस्तावेज लूट लिए। बदमाशों ने चालक से कैब भी लूटने की कोशिश की। लेकिन पीड़ित के शोर मचाने पर अन्य वाहन चालकों को रुकता देख बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। आगरा के नारौल गांव निवासी राजीव अपनी कार कैब में चलाते हैं। वह मुंडका में किराए पर रहते हैं। राजीव ने बताया कि बुधवार रात आईएसबीटी से दो लोगों ने नोएडा सेक्टर-137 के लिए कैब बुक कराई। रास्ते में एडवांट बिल्डिंग के पास बदमाशों ने पीछे से उनका गला दबा लिया। फिर मोबाइल और पर्स लूट लिया। पर्स में दो से तीन हजार रुपये, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत आवश्यक कागजात थे।