घरों से लाखों की नकदी व ज्वेलरी चोरी
नोएडा। अलग-अलग दो घरों से लाखों की नकदी व ज्वेलरी चोरी कर ली गई। यह घटनाएं सेक्टर-12 व अगाहपुर गांव में हुईं। दोनों मामलों में कोतवाली सेक्टर-24 व सेक्टर-49 पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। सेक्टर-12 में रहने वाली वैशाली ने पुलिस से शिकायत की है कि वह 27 अगस्त की शाम गाजियाबाद में रहने वाले रिश्तेदार के घर गई थी। 28 अगस्त की शाम जब घर लौटीं तो सामान बिखरा पड़ा था। सोने की अंगूठी, हीरे का पैंडेंट, एक सोने का पेंडेंट, एक जोड़ी चांदी की पाजेब, 30 हजार रुपये और एक एलईडी टीवी गायब था। वहीं अगाहपुर गांव निवासी राज राणा के घर में कुछ दिन पहले चोरी हुई थी। चोर घर में रखे लगभग साढ़े तीन लाख रुपये और एक लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी करके ले गए। ब्यूरो