सरकारी संपत्तियों पर कब्जा करने वालों को चिह्नित करेगा प्राधिकरण
नोएडा। सरकारी संपत्तियों पर कब्जा करने वाले भूमाफिया को नोएडा प्राधिकरण चिह्नित करेगा। इनके खिलाफ केस दर्ज कर सूची जिला प्रशासन को भी भेजी जाएगी। लापरवाही और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। ओएसडी डॉ. संतोष उपाध्याय ने बताया कि प्राधिकरण अपनी संपत्तियों का सत्यापन कराएगा यदि इन पर कब्जा पाया गया तो ऐसे लोगों पर कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन ने 9 सितंबर को एंटी टास्क फोर्स की बैठक में निर्णय लिया था कि अभियान चलाकर प्राधिकरण की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों को भू माफिया के तौर पर चिह्नित किया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्राधिकरण ने 2017 में एक अभियान चलाकर 47 लोगों का पता लगाया था, जिन्होंने सरकारी संपत्तियों पर कब्जा कर लिया था। इनके खिलाफ अभियान भी चलाया गया। इसके बाद प्राधिकरण ने किसी तरह का सर्वे नहीं किया।
दो माह में 353 करोड़ की जमीन से हटाया कब्जा
नोएडा प्राधिकरण ने बीते दो माह में 70,760 वर्गमीटर जमीन पर कब्जे को हटाया है। साथ ही इन्हें अपने कब्जे में भी लिया है। इनकी बाजार कीमत 353 करोड़ रुपए है। प्राधिकरण की टीम ने पुरानी लिस्ट के आधार पर ऐसे अवैध कब्जे को खाली कराने के लिए अभियान चला रखा है।