सुपरटेक के निदेशक समेत 14 पर केस दर्ज
- न्यायालय के आदेश के बाद सेक्टर-58 थाने की पुलिस ने दर्ज किया मामला
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फ्लैट बुकिंग के पैसे लेकर 14 वर्ष बाद भी कब्जा नहीं देने के मामले मेंं सेक्टर-58 थाना पुलिस ने सुपरटेक के निदेशक आरके अरोड़ा और पुत्र मोहित अरोड़ा समेत 14 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। कोर्ट के आदेश में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ग्रेटर नोएडा के बीटा टू स्थित गोल्फ विस्टा अपार्टमेंट निवासी संजीव कुमार ने बताया कि बिल्डर ने वर्ष 2010 में दो बेडरूम का फ्लैट 16 लाख रुपये में देने सौदा हुआ था। मामले में संजीव ने 12 लाख रुपये जमा करा दिए थे। करीब 14 वर्ष बाद भी उन्हें फ्लैट नहीं मिला। आरोप है कि बिल्डर की ओर से निर्धारित धनराशि से 12 लाख रुपये अधिक मांग रहे हैं। शिकायतकर्ता के विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। अंत में संबंधित फ्लैट को आरोपियों ने किसी दूसरे को अलॉट कर दिया। इस मामले में सुपरटेक बिल्डर लिमिटेड के निदेशक आरके अरोड़ा, मोहित अरोड़ा, जीएल खेड़ा, राज मंगल, रामानुज शर्मा और अनुज कुमार शर्मा समेत छह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही मामले में नामजद आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।