नोएडा। सेक्टर-53 के गिझौड़ स्थित आशीर्वाद कांप्लेक्स में चल रहे जकोजी स्पा सेंटर में आग लगने से दो लोगों की मौत के मामले में सेक्टर-24 कोतवाली में मालिक व प्रबंधक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में बृहस्पतिवार शाम को अचानक आग लग गई थी। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे में आग को बुझा दिया था। सर्च ऑपरेशन में स्पा सेंटर के पिछले हिस्से में मैनेजर राधा चौहान व युवक अंकुश आनंद के शव मिले थे। दो दिन पहले ही स्पा सेंटर को खोला गया था और सफाई का काम चल रहा था। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारी की तरफ से स्पा सेेंटर के मालिक न्यू अशोक नगर निवासी अनिरुद्ध यादव व प्रबंधक जयप्रकाश यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जयप्रकाश आग लगने के बाद रिसेप्शन से भाग गया था। वह शोर मचाता तो राधा व अंकुश की जान बच सकती थी।
होली के बाद होनी थी अंकुश की शादी
सेक्टर-135 निवासी अंकुश बृहस्पतिवार को ग्राहक के रूप में स्पा सेंटर में आया था। उसकी शादी होली के बाद होनी थी। उसकी मौत से परिजन सदमे में हैं। वहीं, राधा स्पा सेंटर में पहले काम कर चुकी थी और वह मैनेजर के रूप में दोबारा काम करने के लिए बृहस्पतिवार को ही आई थी। वह पति के साथ रोजा जलालपुर में रहती थी।
स्पा सेंटर में आग लगने से दो लोगों की मौत के मामले में स्पा के मालिक व प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की दो टीमें जांच में लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रणविजय सिंह, एडीसीपी
सेंट्रल जोन में तैनात सिपाही के संरक्षण में चल रहा था स्पा सेंटर
नोएडा। सेक्टर-53 के आशीर्वाद कांप्लेक्स स्थित जकोजी स्पा सेंटर सेंट्रल नोएडा जोन के एक थाने में तैनात सिपाही के संरक्षण में चल रहा था। यह सिपाही वर्तमान में सेंट्रल नोएडा जोन के एक नवनिर्मित थाने में तैनात है। सिपाही की शह पर सेंटर में मानकोें के उल्लंघन की बात सामने आ रही है। पुलिस सिपाही की भूमिका की जांच कर रही है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस बारे में कोई कुछ नहीं कह रहा है। सूत्रों का कहना है कि सिपाही की तैनाती पहले नोएडा जोन में कोतवाली सेक्टर-20 में थी। इस दौरान उसकी दोस्ती स्पा सेंटर के मालिक अनिरुद्ध यादव से हो गई थी। कोरोना से पहले सिपाही के संरक्षण में गिझौड़ के आशीर्वाद कांप्लेक्स में स्पा सेंटर खोला गया था। कमाई का एक बड़ा हिस्सा सिपाही को भी मिलता था। कोरोना के कारण जब स्पा सेंटर बंद हो गए थे तो उस दौरान भी सिपाही ने इसे चलवाने का प्रयास किया था। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद जब शहर के सभी स्पा सेंटर खुलने लगे तो इसे भी खोल दिया गया था। इसमें मानकों का उल्लंघन कर केवल कमाई का जरिया बनाने का प्रयास किया जा रहा था तभी साफ सफाई के दौरान बृहस्पतिवार शाम को अचानक आग लगने से दो लोगों की जान चली गई।
सिपाही के खाते आदि खंगालने में जुटी पुलिस : सिपाही का नाम सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली है। पुलिस अधिकारी सिपाही के खाते, पेटीएम समेत अन्य तरह के लेनदेन व बातचीत की जांच कर रहे हैं। सबूत मिलने पर सिपाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
मृतक राधा