कासना कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली पुलिस ने सहकारी आवास समिति में हुई धोखाधड़ी के आरोप मेंं कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
सेक्टर-100 नोएडा निवासी सार्वजनिक क्षेत्र कर्मचारी सहकारी आवास समिति लिमिटेड के सचिव प्रदीप सिंह ने केस दर्ज कराया है कि सोसाइटी की स्थापना प्रदीप सिंह, एसके जैन और अन्य लोगों ने की थी। सोसाइटी के कुल 234 सदस्य थे। इनके लिए नोएडा अथॉरिटी ने एफ-9 सेक्टर-50 में जमीन अलॉट की थी। जहां 138 सदस्यों को फ्लैट मिल चुके हैं। शेष बचे सदस्यों के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 2003 में सेक्टर पाई-1 में ग्रुप हाउसिंग का एक प्लाॅट अलॉट किया था। जिसकी किस्तों के रूप में सोसाइटी ने लगभग 85 लाख रुपये भी जमा किए थे।
प्रदीप सिंह का आरोप है कि उन्हें गुमराह किया कि ग्रेटर नोएडा का प्लॉट प्राधिकरण ने रद्द कर दिया है। असलियत में प्लाॅट रद्द कराने के पीछे सोसाइटी के कुछ सदस्यों और बाहरी दलालों का हाथ था।
वर्ष 2018 में पीयूष दुबे, केके मिश्रा, एसके शर्मा, पीके त्रिपाठी, धन सिंह कार्की और अन्य ने गुपचुप तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर नई कार्यकारिणी बना ली और इंडियन बैंक सेक्टर-51 में फर्जी खाता भी खोल लिया। एसके जैन की मृत्यु के बाद सोसाइटी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप, कंप्यूटर, चेकबुक आदि उनके पुत्र गौरव जैन के पास चले गए। जब प्रदीप सिंह और अन्य सदस्यों ने गौरव जैन से दस्तावेज मांगे तो उन्होंने साफ इन्कार कर दिया।
गौरव ने अन्य सदस्यों के साथ मिलकर फर्जी लेटरहेड, फर्जी हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेज बनाकर 85 लाख रुपये निकालने की कोशिश की। गौरव व अन्य ने दो-दो फर्जी पैन कार्ड बनवाकर सोसाइटी के अलग-अलग खाते खोले और संचालन करने लगे। जब प्रदीप सिंह ने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया और आठ अक्तूबर 2024 को बख्तावर मार्केट कासना में बैठक के बहाने बुलाकर जानलेवा हमला किया गया। बैठक के दौरान आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और कहा कि करोड़ों रुपये के काम में रुकावट डालोगे तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।