बाइक से कूदने के कारण छात्रा को चोट आई है। घटना के बाद डरी सहमी छात्रा ने सहपाठी, शिक्षकों और परिजन को आपबीती बताई है। परिजन ने बिसरख कोतवाली में लिखित शिकायत दी है। छात्रा के अपहरण का प्रयास करने वाले आरोपी का चेहरा सीसीटीवी में कैद हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक व्यक्ति ने बताया कि परिवार के साथ रौजा जलालपुर गांव में रहते हैं। वह साप्ताहिक बाजार में मिर्च-मसाले बेचकर घर का खर्च चलाते हैं। परिवार में तीन पुत्री और एक पुत्र है। 12 वर्षीय छोटी पुत्री जनता इंटर कॉलेज में 6वीं कक्षा में पढ़ती है। शुक्रवार को वह घर से 11.55 पर परीक्षा देने के लिए निकली थी।
गोल्डन वैली स्कूल के पास एक बाइक सवार युवक ने पुत्री से स्कूल का नाम और प्रिंसिपल के बारे में पूछा। फिर पुत्री को स्कूल छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद आरोपी स्कूल के पास पहुंचा, लेकिन स्कूल के पास जब आरोपी ने बाइक नहीं रोकी तो छात्रा डर गई। उसने शोर मचाना शुरू कर बाइक से छलांग लगा दी।
बाइक से छलांग लगाने के कारण छात्रा को पैर, हाथ, पेट, माथे पर खरोंच और चोट आई है। वहीं छात्रा को गिरा देखकर शिक्षक और अन्य कर्मी बाहर आए उसे स्कूल के अंदर ले गए। जिसके बाद छात्रा ने शिक्षकों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल के शिक्षकों ने घटना की जानकारी छात्रा के परिजन को सूचना दी। डरी सहमी छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को पास की क्लीनिक में ले जाकर मरहम पट्टी कराई। घटना के कारण छात्रा स्कूल में आयोजित में आंतरिक परीक्षा भी नहीं दे पाई है।
वहीं घटना के बाद से छात्रा सहमी हुई है। वहीं छात्रा को बाइक पर बैठाने वाले युवक सीसीटीवी में कैद हुआ है। वह बिना हेलमेट लगाए युवक हीरो स्पलेंडर बाइक पर छात्रा को बैठाकर ले जाता हुआ सीसीटीवी में कैद हुआ है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।