नूंह। नूंह थाने की एक महिला पुलिसकर्मी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर नूंह सदर थाना ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़िता ने सदर थाना नूंह में दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है, लेकिन मामले में पुलिस खुलकर कुछ भी नहीं बता रही है।
मामला पुलिस विभाग से जुड़ा होने के कारण महिला थाना स्टाफ से लेकर पुलिस के बड़े अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। कोई भी मामले के बारे में खुलकर नहीं बता रहा है। सूत्रों के मुताबिक एक फौजी द्वारा शादी का झांसा देकर महिला पुलिसकर्मी से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। महेंद्रगढ़ जिला निवासी फौजी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। साथ ही महिला पुलिसकर्मी ने आरोप लगाया है कि उसने लोन लेकर 11 लाख रुपये का फौजी को दिए हैं। वहीं इस मामले में जांच अधिकारी डीएसपी सुरेंद्र ने कहा कि पीड़िता द्वारा केस दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल इस मामले में और नहीं बताया जा सकता।