नोएडा (संवाद)। कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक के घायल होने के मामले में पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना 29 अगस्त की है। बिहार के सारण जिले के मकनुपरा गांव निवासी तारेकश्वर नोएडा के अट्टा मार्केट क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और ई-रिक्शा चलाते हैं। हादसे के दिन वह सेक्टर-12/22 से मुर्गा मंडी की ओर जा रहे थे। इस दौरान सेक्टर-57 पर हरियाणा नंबर की कार ने उनकी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। घायल तारेकश्वर का उपचार कराने के बाद उनकी पत्नी हेवान्ती देवी ने सेक्टर-58 थाने में चालक के खिलाफ शिकायत दी। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।