नगीना। करहेड़ा गांव की ताहिरा पुत्री नसरुद्दीन के साथ मारपीट कर उसे जहर देकर जान से मारने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया है। लड़की के पिता नसरुद्दीन ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी राजस्थान के पचानका गांव में की थी लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अधिक दहेज की मांग करने लगे। नसरुद्दीन ने बताया कि उन्होंने शादी में दहेज दिया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उससे संतुष्ट थे और उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। कई बार तो पंचायत करके उन्होंने बेटी को ससुराल भेज दिया। कुछ दिन पहले उनकी बेटी को बुरी तरह से मारा और पति व जेठ ने नूंह ले जाकर जबरदस्ती जहर पिला दिया। और पीड़िता को भादस गांव के पास बेहोशी की हालत में छोड़ दिया। वहां पर मौजूद लोगों ने लड़की के पिता नसरुद्दीन को जानकारी दी। नसरुद्दीन ने अपनी बेटी को लेकर नूंह के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसका इलाज किया गया। नसरुद्दीन ने थाने में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है और गिरफ्तारी की मांग की है। जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह पीड़िता की शिकायत के आधार पर हासम, इरफान, अरसीदा पुत्रान कल्लू, कल्लू पुत्र अतर खान, जुबेदा पत्नी कल्लू, रुबीना पत्नी हासम व खालिद गांव गुवालदा थाना चोपानकी जिला अलवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।