नोएडा। छिजारसी गांव में शनिवार रात दो लोगों के बीच हुई मारपीट में घायल हुए कारपेंटर की रविवार को इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक शाहजहांपुर निवासी अनीस नोएडा में अपने मामा के साथ कारपेंटर का काम करता था। छिजारसी गांव में शनिवार रात उसका दूसरे कारपेंटर नन्हे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच हुई मारपीट में नन्हे की लात अनीस के पेट में लग गई थी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उसे गाजियाबद में अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई। कोतवाली सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप का कहना है कि पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। परिजन की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो