तावडू। वाहन चुराकर भाग रहे व्यक्ति को पुलिस ने छारौड़ा टोल टैक्स के पास से काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता दिनेश कुमार निवासी बिचपुरी थाना नीमराना राजस्थान ने बताया कि उसके भाई की बेस्ट रोड कैरियर ट्रांसपोर्ट कंपनी है। कंपनी में उनके पास करीब 80-85 गाड़ियां हैं। उन्होंने बताया कि वह भी कंपनी में नौकरी पर लगा हुआ है। एक कंटेनर पर आरिफ पुत्र हारून निवासी गांव सिंगार थाना नूंह चालक के तौर पर लगा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गत 12 जनवरी की रात आरोपी आरिफ गाड़ी को चोरी करके ले गया। गाड़ी में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से वाहन के लोकेशन के बारे में पता चला जिसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नूंह को दी गई। जिसके बाद तावडू पुलिस ने तावडू-नूंह रोड पर गांव छारौड़ा टोल टैक्स के पास गाड़ी को आरोपी सहित काबू कर लिया।