हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के जमालपुर कलां में मंगलवार सुबह सड़क दुर्घटना में हुई स्कूटी सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस ने दिल्ली नंबर की कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, अजय कुमार निवासी जमालपुर कलां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई विजय कुमार (24) 30 सितंबर की सुबह करीब 8:40 बजे स्कूटी से सिडकुल रोशनाबाद जा रहा था। गांव स्थित दीपिका गैस एजेंसी के पास तेज रफ्तार दिल्ली नंबर की कार ने स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में विजय कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र शाह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।