ट्रक से टकराई कार, छात्रा की मौत, चार घायल
कार को लोहे की रॉड से काटकर घायलों को बाहर निकाला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव तिराहे के पास कार व ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की अस्पताल में हालत नाजुक बनी हुई है।
उत्तराखंड निवासी छात्रा इशिका, कानपुर निवासी छात्रा अन्वी, मेरठ निवासी छात्र युगराज सिंह, एटीएस सोसाइटी, गौतम बुद्ध नगर निवासी हर्ष और मेरठ निवासी यश कोतवाली दादरी क्षेत्र के एक विश्वविद्यालय में बीबीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। सोमवार दोपहर सभी कार में सवार होकर विवि की तरफ जा रहे थे। रामपुर फतेहपुर गांव तिराहे के पास खड़े ट्रक से कार की टक्कर हो गई। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार को लोहे की रॉड से काटकर घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान इशिका को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, छात्र युगराज सिंह व हर्ष की हालत चिंताजनक बनी है। अन्य छात्रों का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पाकर परिजन भी पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।