ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि युवक का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
जलवायु विहार नोएडा में रहने वाले विकास कामरा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनका पुत्र दक्ष कामरा अपने मित्र समृद्ध गुलाटी के साथ कार से 20 अक्तूबर की रात परी चौक की ओर जा रहा था। रास्ते में सेक्टर-148 के पास उनकी कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। दोनों को तत्काल कैलाश अस्पताल ग्रेटर नोएडा ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दक्ष को मृत घोषित कर दिया। समृद्ध गुलाटी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। वहीं कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। मृतक के पिता ने डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। ब्यूरो