पालम-360 खाप दलबल के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होगी
अमर उजाला ब्यूराे
नई दिल्ली।
राजधानी की सबसे बड़ी खाप पंचायत पालम-360 ने जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों का समर्थन करने का ऐलान किया है। पालम-360 के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने ऐलान किया है कि खाप पूरे दलबल के साथ शनिवार को जंतर-मंतर पर पहलवानों के समर्थन में पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हमारे देश की शान है और उन्होंने तिरंगा पूरी दुनिया में फहराया है। इस कारण उनके मान सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होने देंगे। हर हाल में अपनी बेटियों को न्याय दिलाकर रहेंगे। खाप इस मामले में सरकार की ओर से किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी। जिन बेटियों ने खेल के मैदान में बड़े-बड़े पहलवानों को धूल चटाकर देश के लिए पदक जीते हैं, उन्हें अपने साथ ही हुए शोषण के खिलाफ देश की राजधानी में आकर न्याय की गुहार लगानी पड़ रही है। इस कारण सरकार इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय कुश्ती संघ को तत्काल प्रभाव से भंग करें और सभी दोषी व्यक्तियों पर जांच बिठाकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाना सुनिश्चित करे।