डायट में एआरपी के पदों पर चयन के लिए आज अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
ग्रेटर नोएडा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आज अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 से 11.30 बजे तक होगी। कुल छह पदों के लिए यह चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
रिक्त पदों में सामाजिक विज्ञान के दो, हिंदी के दो, अंग्रेजी का एक तथा गणित का एक पद शामिल है। डायट प्राचार्य अर्चना गुप्ता ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 11 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। सभी अभ्यर्थियों को 100 अंकों की लिखित परीक्षा देनी होगी। परीक्षा के माध्यम से विषय संबंधी ज्ञान, शैक्षणिक दक्षता और अकादमिक समझ का मूल्यांकन किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण में साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगी। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होगी। ब्यूरो