नोएडा (संवाद)। कोलोरेक्टल और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सेक्टर-50 स्थित मेदांता अस्पताल में शनिवार को संगीतमय शाम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कोलोरेक्टल कैंसर रिसर्च फाउंडेशन, डाइजेस्टिव डिजीज फाउंडेशन इंडिया और प्रदीप्तो सेनगुप्ता म्यूजिक अकादमी के सहयोग से हुआ। इस दौरान कैंसर की रोकथाम, शुरुआती पहचान, समय पर स्क्रीनिंग और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध मैंडोलिन वंडर्स ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। मेदांता के जीआई सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. दीपक गोविल और डॉ. विवेक टंडन ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण कम उम्र में भी जीआई कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए लोगों ने भाग लिया।