फर्जी तरीके से नौकरी पाने वाले शिक्षक की दे सकते हैं सूचना
ग्रेटर नोएडा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने 26 जून से अपने शिक्षकों के दस्तावेज की जांच शुरू कर दी है। 31 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मेरठ और सहारनपुर मंडल में 68 कॉलेजों के 2,250 शिक्षकों के दस्तावेज की जांच की जाएगी। वहीं, विश्वविद्यालय ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास शिक्षक के फर्जी तरीके से नौकरी हासिल करने की जानकारी है तो शिकायत कर सकता है, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा। क्षेत्रिय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी राज्य विश्वविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय और अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में तैनात शिक्षकों की नियुक्तियों की जांच 26 जून से शुरू हो गई है। हमारा उद्देश्य छात्रों को बेहतर शिक्षा देना है। अगर कोई शिक्षक गलत तरह से नियुक्त हुआ है तो वह छात्रों की पढ़ाई के साथ न्याय नहीं कर पाएगा।