24 घंटे बाद कोरोना संक्रमित को लेने पहुंची एंबुलेंस
ग्रेटर नोएडा। कोरोना मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए समय पर एंबुलेंस नहीं मिल रही है। अब ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी दो के 12 एवेन्यू के एक मरीज के साथ ऐसा हुआ। 24 घंटे इंतजार के बाद एंबुलेंस मरीज को लेने पहुंची। आरोप है कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इस तरह के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। सोसाइटी के एओए उपाध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि 27 जून को सोसाइटी निवासी व्यक्ति को बुखार आया था। उस दिन देरी होने की वजह से बिसरख स्वास्थ्य केंद्र पर टेस्ट नहीं कराया जा सका। निजी लैब में फोन किया तो उन्होंने ओपीडी पर टेस्ट करने से इंकार कर दिया। 28 जून को जिला अस्पताल पहुंचे। वहां भी काफी समय लग गया। 11 बजे तक सैंपल लिया गया। फिर वह घर आ गए। 29 जून शाम को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से फोन कर जानकारी दी गई कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। कुछ ही देर में एंबुलेंस पहुंच जाएगी। आरोप है कि देर रात तक इंतजार किया गया, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। 30 जून की शाम को कई बार फोन करने के बाद एंबुलेंस मरीज को लेने पहुंची। लोगों का कहना है कि जनता कोरोना को हराने में पूरा सहयोग कर रही है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग इस तरह लापरवाही करेगा तो फिर इसे रोकना मुश्किल होगा। इससे पहले भी चेरी काउंटी सोसाइटी में दो दिन बाद एंबुलेंस पहुंची थी।