अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति के माध्यम से होनहार छात्रों को छात्रवृत्ति देकर उच्च शिक्षा की ओर बिना रुके बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थी छात्रवृत्ति का लाभ पाने के लिए 31 अगस्त तक अमर उजाला डॉट कॉम पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह योजना यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए हैं। इस येाजना के तहत विद्यार्थियों को पिछली कक्षा में 60 फीसदी अंक होने आवश्यक है।
दरअसल, अमर उजाला फाउंडेशन यूपी के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति हासिल करने का मौका देता है। पिछले साल तक फार्म भरकर अमर उजाला कार्यालय पहुंचाना होता था।
मगर इस बार छात्रवृत्ति हासिल करने के लिए इस प्रक्रिया को और भी आसान कर दिया गया है। अभ्यर्थियों को अमर उजाला डॉट काम पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा और इसके लिए उसी वेबसाइट पर ई-मेल आईडी भी बनानी होगी। जो भी छात्र इस छात्रवृत्ति के लिए पात्र हैं वह 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
अगर अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वह अपने स्कूल-कॉलेज के प्राचार्य से सहायता ले सकते हैं या फिर किसी भी साइबर कैफे संचालक की मद्द से ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं।
आगे पढ़ाई करने में काम आएगी छात्रवृत्ति की राशि
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से नौवीं-दसवीं कक्षाओं में सफल हुए पात्र छात्र-छात्राओं को 30-30 हजार रुपये दिए जाएंगे। जबकि 11वीं और 12वीं के पात्र छात्र-छात्राओं को 50-50 हजार रुपये का चेक दिया जाएगा।