सीएम ने एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, डीडीए और अन्य संबंधित एजेंसियों को पौधे लगाने के निर्देश दिए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा सरकार ने राजधानी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और पर्यावरण में सुधार के लिए व्यापक अभियान की शुरुआत की है। रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विभिन्न विभागों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत रिंग रोड को डस्ट फ्री बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए रोड स्वीपिंग मशीनों का नियमित उपयोग किया जाएगा और सड़क किनारे धूल को नियंत्रित करने के लिए वॉटर स्प्रिंकलर्स लगाए जाएंगे। इसके अलावा निर्माण स्थलों पर डस्ट कंट्रोल मैनेजमेंट को सख्ती से लागू किया जाएगा। साथ ही, पीयूसी चेकिंग बढ़ाई जाएगी। प्रदूषण के नियंत्रण के लिए सरकार ने एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, डीडीए और अन्य संबंधित एजेंसियों को सड़क किनारे हरित पट्टियों को विकसित करने व पौधरोपण के निर्देश दिए हैं। यह कदम न केवल प्रदूषण को कम करेगा, बल्कि राजधानी में हरियाली भी बढ़ाएगा।
जाम से निजात के लिए 250 प्रमुख सड़कें चिह्नित
सीएम ने कहा कि जाम से निजात के लिए 250 प्रमुख सड़कें चिह्नित की गई हैं, जहां ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों को जाम के कारणों का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रमुख जंक्शन पर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को बेहतर किया जाएगा। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बेहतर होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी। वहीं, सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए डीटीसी बसों के रूट रेशनलाइजेशन की योजना बनाई गई है। इसके तहत सार्वजनिक बसों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी और कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इससे सार्वजनिक परिवहन की गति और संचालन में सुधार होगा, जिससे निजी वाहनों की संख्या कम होगी और प्रदूषण में कमी आएगी।