नोएडा (संवाद)। महिला कल्याण विभाग की ओर से जिले में बाल विवाह के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। करीब 90 दिन तक चलने वाले इस अभियान से ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के लोगों को जोड़ा जा रहा है। अभियान को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, दूसरे चरण में स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लोगों को जानकारी दी गई, जबकि तीसरे चरण में टीम गांवों और स्कूलों में पहुंचकर सीधे संवाद कर रही है। ऑनलाइन से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रोविजनरी ऑफिसर निभा त्रिपाठी ने बताया कि पांच सदस्यीय टीम बच्चे हैं हमारी शान, बाल विवाह की रोकथाम स्लोगन के साथ लगातार काम कर रही है।