संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वाहनों पर ब्लैक फिल्म या काले पर्दे लगाने वालों की अब खैर नहीं होगी। पुलिस अब इस प्रकार के वाहनों पर शिकंजा कसने जा रही है। पुुलिस शुक्रवार से अभियान की शुरूआत करने जा रही है। इसके अलावा जो चालक नशे का सेवन कर वाहन को चलाते हैं उन पर कड़ा शिकंजा कसा जाएगा।
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि जिला ट्रैफिक पुलिस को यातायात के नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहनों पर सख्ती करने के आदेश दिए हैं। जिला पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम व रोड एक्सीडेंट में होने वाली मौत के आंकड़ों को कम करने के लिए लगातार जागरूकता के अभियान किए जा रहे हैं और साथ ही यातायात का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए चालान किए जा रहे हैं।
एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि जिला पलिस के अभियान के तहत विशेष तौर पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों, बुल्ट पटाखा व बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वाले वाहन चालकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हेलमेट व कागजातों की जांच भी की जा रही है। इस जांच के कारण चोरी की गाड़ियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आमजन से निवेदन है कि अपना वाहन पार्किंग या पार्किंग के लिए निश्चित किए गए स्थान पर ही खड़ा करे व निर्धारित लेन मे ही अपने वाहन को चलाए। अपने साथ साथ दूसरो की जिंदगी को खतरे मे ना डाले व सुरक्षित वाहन चलाए।
ट्रैफिक थाना प्रभारी कुशल पाल राणा को निर्देश दिए गए हैं कि शहर में जाम की स्थिति न बने। इसके लिए हर तरह के प्रबंध किए जाएं। लोगों को रोड सेफ्टी को लेकर जागरूक करेंगे और कार्यवाही भी करेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस चाहती है कि हर वाहन चालक सेफ रहे। सड़क हादसों में कमी आए। ऐसा तभी हो सकता है जब हर व्यक्ति ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक होगा। अगर हर वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करे तो हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है।