- खेत बचाओ अभियान के तहत कार्यशाला, किसानों को दी गई टिकाऊ कृषि की जानकारी
यमुना सिटी। खेत बचाओ अभियान के तहत जेवर ब्लॉक परिसर में प्राकृतिक खेती विषय पर किसान कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से भूमि की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है तथा खेती की लागत बढ़ रही है। ऐसे में प्राकृतिक खेती किसानों के लिए बेहतर और टिकाऊ विकल्प है। उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि भारत सरकार और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रव्यापी खेत बचाओ अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, मृदा संरक्षण और भूमिगत जल बचाने के उपायों की जानकारी दी। विधायक ने किसानों से पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ कृषि प्रणाली के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. विपिन कुमार, वैज्ञानिक डॉ. बोनिका पंत, डॉ. सुनील प्रजापति, खंड विकास अधिकारी अंकित कुमार सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और क्षेत्र के प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।