सेक्टर-22 में फर्जी वेबसाइट और नियुक्ति पत्र के जरिए युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना, पांच गिरफ्तार
1000 से अधिक से ठगी की आशंका, लंबोदर इंस्टीट्यूट के नाम से चल रहा था कॉल सेंटर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में नौकरी का झांसा देकर देशभर के युवाओं से ठगी करने वाले अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। सेक्टर-22 में संचालित कॉल सेंटर पर छापा मारकर पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नोएडा एयरपोर्ट और अन्य एविएशन संस्थानों के नाम से फर्जी वेबसाइट, नियुक्ति पत्र और प्रमाणपत्र तैयार कर युवाओं को ठगते थे। गिरोह पर एक हजार से अधिक लोगों से ठगी की आशंका है। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और मास्टरमाइंड डॉ. अजय की तलाश कर रही है।
साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार को लंबोदर इंस्टीट्यूट के नाम पर चल रहे अवैध कॉल सेंटर में छापा मारकर सेक्टर-12 निवासी साकिब, ग्रेनो सेक्टर-चार स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स निवासी आकाश उर्फ अमन, गाजियाबाद के खोड़ा निवासी मोहम्मद अफरोज व कविनगर निवासी सुमित गुप्ता और दिल्ली के जैतपुर निवासी आमीर को दबोच लिया। आरोपियों के पास से 18 मोबाइल फोन, छह लैपटॉप, सीपीयू, कई सिम कार्ड, हेडफोन, डेबिट और क्रेडिट कार्ड, चेकबुक, कंपनी की मोहर, कॉलिंग स्क्रिप्ट तथा बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं का जुटाते थे डाटा
आरोपी गूगल पर विज्ञापन चलाकर और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं का डाटा जुटाकर उनसे संपर्क करते थे। इसके बाद चयन का भरोसा देकर उनसे पंजीकरण, प्रशिक्षण और अन्य के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराते थे। शिकायत या संदेह होने पर संबंधित डाटा हटाकर कॉल सेंटर का स्थान बदल दिया जाता था।