सीएजी रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान आप पर लगाया सांविधानिक प्रक्रिया को खत्म करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा में पेश सीएजी रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष की तरफ से आप पर तीखा हमला बोला गया। भाजपा विधायकों ने सांविधानिक प्रक्रिया को खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस सीएजी रिपोर्ट का सहारा लेकर पार्टी बनी, सत्ता में आते ही उसे ही मानने से इंकार कर दिया। चर्चा के दौरान दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने भी तत्कालीन आप सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
सदन में चर्चा शुरू करते हुए गांधी नगर के भाजपा विधायक अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि यह एक सांविधानिक प्रक्रिया है कि सीएजी रिपोर्ट सदन में रखी जाए, लेकिन आज जो लोग आंबेडकर की तस्वीर की बात कर रहे हैं, उन्होंने उनके बताए रास्ते पर चलने से इंकार कर दिया। 2015 में दिल्ली की सत्ता में आने वाले लोगों ने यह तय कर रखा था कि वे सीएजी रिपोर्ट सदन में नहीं लाएंगे, जबकि इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर इन लोगों ने पार्टी का बनाई थी। दिल्ली के 11 साल लोकतांत्रिक व्यवस्था के सबसे शर्मनाक साल रहे। अब समय आ गया है कि पिछली सरकार के कारनामों को जनता के सामने रखा जाए।
वहीं, भाजपा विधायक राजकुमार भाटिया ने कहा कि आप की सरकार के काले कारनामे सीएजी रिपोर्ट में दर्ज हैं। उन्हें जनता की पाई-पाई का हिसाब देना होगा। उन्होंने मांग की कि सामान्य सांविधानिक प्रक्रिया बेशक सीएजी रिपोर्ट को पीएसी में भेजने की है, लेकिन हालात असामान्य होने की वजह से इस पर सदन में चर्चा होनी चाहिए। मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार ने शराब का धंधा कर सिर्फ घोटाला किया है। शराब के थोक विक्रेता का मार्जिन लाभ पांच फीसदी से बढ़ाकर 12 फीसदी कर दिया। आप की सरकार ने तमाम शिकायतों को अनदेखी कर लाइसेंस बंटवारा किया। कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि पिछली सरकार ने शिक्षा की बात कर शराब घोटाला किया। सिर्फ लोगों को सपने दिखाए और खुद की जेब भरी। इन लोगों को पता था कि सीएजी रिपोर्ट आने वाली है। इनका भ्रष्टाचार खुलने वाला है तो अपना चेहरा छुपाने के लिए बिना किसी बात के बाबा साहेब की फोटो का सहारा ले रहे हैं।
मारवाह ने किया तीखा हमला
भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पैसे वाले व्यक्ति हैं, इन्हें सिर्फ पैसे चाहिए। मारवाह ने इस दौरान आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। उनका आरोप था कि इन्होंने कमेटी सेंटर में पार्किंग के लिए अपने वर्करों को टेंडर दिए हुए थे। वहां पर रात को पार्किंग होती थी और पैसे वर्कर लेते थे। मारवाह ने करतारपुर कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा, आज लाखों श्रद्धालु जाते हैं और दर्शन कर शाम को वापस आते हैं। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार व मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी हमला बोला।