फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: पोलैंड की कंपनी से ऑर्डर दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से 1.03 करोड़ ठगे

विज्ञापन
विज्ञापन
- व्हाट्सएप पर संपर्क कर दिया मोटे मुनाफे का लालच, 31 बार में अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराई रकम
विज्ञापन

माई सिटी रिपोर्टर

नोएडा। पोलैंड की कंपनी से कारोबार का बड़ा ऑर्डर दिलाने और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक कारोबारी से 1.03 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर विदेशी कंपनी का प्रतिनिधि होने का दावा किया और उत्पाद की खरीद-बिक्री में भारी मुनाफे का लालच दिया। उनकी बातों में आकर कारोबारी ने 31 बार में अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कर दी। न तो माल की आपूर्ति हुई और न ही रुपये वापस मिले। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

1000 डॉलर में खरीद, 2500 डॉलर में बिक्री का दावा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी कारोबारी के मुताबिक, 17 मार्च 2026 को उनके व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने खुद को पोलैंड की एक कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए जिनसेंग वाइल्ड स्ट्रैटिफाइड नट नाम के उत्पाद की खरीद-बिक्री का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने दावा किया कि भारत में यह उत्पाद एक हजार अमेरिकी डॉलर प्रति पैकेट की दर से खरीदा जा सकता है, जबकि पोलैंड की कंपनी इसे 2500 डॉलर प्रति पैकेट में खरीदने के लिए तैयार है। इस तरह प्रति पैकेट 1500 डॉलर के मुनाफे का लालच दिया गया। आरोपियों ने भारतीय सप्लायर के तौर पर शर्मा एंटरप्राइजेज का नाम बताया। इसके लिए सिक्किम के गंगटोक ईस्ट का पता और एक मोबाइल नंबर भी दिया। कारोबारी का भरोसा जीतने के लिए कथित विदेशी कंपनी की ओर से ईमेल भेजा गया। इसमें शुरुआत में 130 पैकेट खरीदने और बाद में एक हजार पैकेट का ऑर्डर देने की बात कही गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


31 बार में किए भुगतान, न माल मिला न रकम

बड़े ऑर्डर और मुनाफे की उम्मीद में कारोबारी ने बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 31 बार में करीब 1.03 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। ये खाते मुंबई में होने की बात सामने आई है। रकम भेजने के बाद भी जब उत्पाद की आपूर्ति नहीं हुई और रुपये वापस नहीं मिले, तब कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी साइबर प्रीति यादव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस सप्लायर की पहचान, बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
विदेशी कंपनी के प्रस्ताव की ऐसे करें जांच

कंपनी के पंजीकरण, आधिकारिक वेबसाइट और ईमेल डोमेन की स्वतंत्र रूप से जांच करें।

सप्लायर के पते, उत्पाद की उपलब्धता और बैंक खाते के नाम का सत्यापन करें।

लिखित अनुबंध और कारोबार से जुड़े दस्तावेज की पुष्टि किए बिना बड़ी रकम ट्रांसफर न करें।

केवल व्हाट्सएप संदेश या ईमेल के आधार पर विदेशी कंपनी के ऑर्डर पर भरोसा न करें।

साइबर वित्तीय ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें