- छह महीनों से जाम की वजह से कारोबार हो रहा प्रभावित
-रोडवेज और निजी बसों का अस्थायी स्टॉपेज बनने से लग रहा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। परी चौक के पास स्थित अंसल मॉल के सामने रोडवेज और निजी बसों का अस्थायी स्टॉपेज बनाने से लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका सीधा असर तुगलपुर मार्केट के व्यापार पर पड़ रहा है। व्यापारी लंबे समय से इस स्टॉपेज को हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारू करने की मांग कर रहे हैं।
परी चौक पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से बसों का ठहराव अंसल मॉल के सामने सर्विस रोड पर कर दिया गया है। यहां से रोडवेज और निजी बसें सवारियां उठाकर अपने-अपने रूट पर चली जाती हैं। लेकिन नोएडा समेत अन्य रूटों से आने वाली बसों के एकत्र होने से दिन भर सड़क पर बसों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है।
छह महीने से प्रभावित है कारोबार
तुगलपुर मार्केट के व्यापारियों का कहना है कि पिछले करीब छह महीनों से जाम की वजह से कारोबार प्रभावित हो रहा है। ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में दिक्कत होती है, जिससे बिक्री पर असर पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है।