युला और मीरू पंचायत के लिए हजारों ग्रामीण परेशान
चेताया-जल्द बस सेवा बहाल नहीं की, तो ग्रामीण करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर के टापरी-यूला रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा ठप पड़ी हुई है। एक सप्ताह से दोपहर 11:45 बजे चलने वाली बस बंद होने से यूला और मीरू पंचायत के ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने निगम प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द बस सेवा बहाल नहीं की गई, तो प्रदर्शन किया जाएगा। यूला पंचायत की प्रधान अंजू नेगी, अश्वन देव नेगी, दिनेश नेगी, बलविंद्र सिंह नेगी, जर्मन नेगी और बिनू नेगी ने कहा कि एक सप्ताह से परिवहन निगम की बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा है। लोग यात्रा करने के लिए परेशानी का सामना कर रहे है। छोटे वाहनों में भारी भरकम किराया अदा कर सफर करना पड़ रहा है। गरीब तबके के लोगों को अधिक समस्याएं पेश आ रही हैं। निगम की टापरी से यूला को दोपहर को चलने वाली बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने सरकार, जिला प्रशासन और निगम प्रबंधन से शीघ्र बस सेवा बहाल करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बस सेवा शुरू नहीं की गई तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उधर, अड्डा प्रभारी रिकांगपिओ सुमन नेगी का कहना है कि मुख्य कार्यालय शिमला के आदेशानुसार बस में कम यात्री के कारण बस सेवा बंद की गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ते ही बस सेवा शुरू की जाएगी।