- चालक की अंगुली में लगी गोली, दोनों ने घर में घुसकर बचाई जान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके चितरंजन पार्क (सीआर पार्क) में बृहस्पतिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब कार सवार दो लोगों पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली चला दीं। एक गोली कार चला रहे सचिन की अंगुली में लगी। इसके बाद सचिन व उसकी कार में बैठे संगम विहार निवासी वसीम ने एक घर में घुसकर जान बचाई।
सीआर पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्जकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल व अपराध शाखा की टीमें भी जांच में जुटी हैं। हालांकि शुक्रवार शाम तक हमलावरों का पता नहीं लग सका। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि बीती रात 8.14 बजे के आसपास पुलिस को सूचना मिली कि गोली लगने से एक शख्स घायल हो गया है। मौके पर छानबीन में पता चला कि गोली चलाने वाले ने अपना चेहरा ढक रखा था। कार चालक सचिन उस वक्त फोन पर बात करते हुए ड्राइविंग कर रहा था। बदमाश पहले से ही कार का पीछा कर रहे थे और मौका देख वारदात की। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की तलाश कर ली जाएगी।