छिबरामऊ। सरकार की बंजर भूमि पर दो लोगों ने कब्जा करके निर्माण करा लिया था। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व तथा पुलिस टीम ने मंगलवार को बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ढहाकर भूमि को कब्जा मुक्त कर लिया। प्रशासन ने देखरेख के लिए भूमि प्रधान के सुपुर्द कर दी है।
एसडीएम ज्ञानेंद्र द्विवेदी के निर्देश पर नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर, कानूनगो कौशलेंद्र दुबे, आशुतोष चौहान, क्षेत्रीय श्याम नारायन दुबे, गजेंद्र पुलिस बल के साथ गुरसहायगंज के ग्राम जुनैदपुर पहुंचे। राजस्व टीम ने पहले जमीन का सीमांकन कर पैमाइश की। इस दौरान कब्जा धारकों ने विरोध किया। नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर ने कब्जे धारकों से जमीन के कागज मांगे, वह नहीं दिखा सके।
बाद में राजस्व टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ढहा दिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि डुंडवा बुजुर्ग तथा जुनैदपुर बॉर्डर पर स्थित सरकार के गाटा संख्या 1011 पर लगभग दो करोड़ रुपये कीमत की भूमि पर अवैध कब्जे की लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। एसडीएम के निर्देश पर उक्त भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया है। भूमि की देखरेख की जिम्मेदारी प्रधान प्रतिनिधि अरुण कुमार को सौंपी गई है।