-सामाजिक संगठनों ने उठाई मांग, कहा, संपत्ति की जाए कुर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला नूंह (मेवात) में अपराधियों के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने कड़ा रुख अपनाते हुए आदतन अपराधियों की नामी-बेनामी संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
सामाजिक प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक डा. अर्पित जैन से मांग की है कि जिन अपराधियों पर आधा दर्जन या उससे अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, उनकी अवैध कमाई से खड़ी संपत्तियों को या तो कुर्क किया जाए या बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया जाए। सामाजिक नेताओं का कहना है कि जिले में नशा तस्करी, साइबर अपराध और गोतस्करी जैसे अवैध धंधों के जरिए कई अपराधियों ने भारी संपत्ति अर्जित कर ली है। ये अपराधी जेल से छूटने के बाद फिर से उसी गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं और आलीशान जीवनशैली जीते हैं, जिससे युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ता है।
काले खान, आसिफ अली, राजेश कुमार, देवेन्द्र सैनी, नेहा सिंह, गोपाल, हेमंत पहलवान, समय सिंह और सुरेन्द्र जैन सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि प्रशासन इन अपराधियों की बेनामी संपत्तियों की जांच कर उन्हें कुर्क या ध्वस्त करता है, तो इससे अपराधियों में डर पैदा होगा और अन्य लोग भी अपराध की राह पर जाने से बचेंगे।