राजधानी दिल्ली में बुराड़ी के मुकुंदपुर इलाके में सिलिंडर ब्लास्ट के बाद एक मकान गिर गया है। हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुराड़ी के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह सिलिंडर धमाका के बाद भूतल पर बना एक मकान भरभराकर गिर गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आस पास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे छह लोगों को बाहर निकालकर पास के अस्पताल में पहुंचाया।
विज्ञापन
वहीं, दमकल कर्मियों ने मलबे में दबे पांच लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक 11 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। शुरुआती जांच में पता चला है कि इमारत में बर्तनों की पॉलिशिंग का काम किया जा रहा था।
विज्ञापन
दमकल विभाग के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9.37 बजे दमकल विभाग को इशु विहार मुकुंदपुर -2 में सिलिंडर ब्लास्ट के बाद एक इमारत के गिरने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। तब तक पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से छह लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल ले जा चुके थे। दमकल कर्मियों ने वहां राहत बचाव का काम शुरू किया और मलबे से पांच लोगों को बाहर निकालकर पास के अस्पताल में लेकर गए।
जांच करने के बाद दमकल अधिकारी गिरिराज ने बताया कि सिलिंडर फटने की वजह से 250 वर्ग गज में बना एक मंजिला घर ढह गया। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आस पास के लोग घायलों को बाहर निकाल चुके थे। वहीं दिल्ली पुलिस के मुताबिक घटना में 11 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस घायलों का बयान दर्ज करने में जुटी है। पुलिस ने बताया कि धमाके के समय इस इमारत में बर्तनों की पॉलिशिंग के लिए किया जा रहा था।