फिरोजाबाद।जिले के परिषदीय और इंटर कॉलेजों में नई सोच और नवाचार की गूंज सुनाई देगी। शिक्षा मंत्रालय की मुहिम ''विकसित भारत बिल्डथॉन-2025'' प्रतियोगिता के लिए 614 परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों और इंटर कॉलेजों को चुना गया है। प्रत्येक विद्यालय के लिए दो हजार रुपये का बजट स्वीकृत हो चुका है। प्रतियोगिता में कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। बच्चों को सोचने, बनाने और अपने आसपास की समस्याओं का समाधान खोजने के लिए नवीन प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय ने बताया कि यह प्रतियोगिता इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ के तहत आयोजित की जा रही है। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों को चार प्रमुख विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट बनाने के लिए प्रेरित करें, जिसमें आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल, समृद्ध भारत शामिल हैं। इन विषयों के माध्यम से छात्र स्थानीय संसाधनों के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और उद्यमशीलता की भावना को समझेंगे।
एक करोड़ रुपये तक का पुरस्कार
बीएसए ने बताया कि विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट, मॉडल और वीडियो को 31 अक्तूबर तक ''विकसित भारत बिल्डथॉन'' के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। उन्होंने विद्यालयों को तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय पर अपलोडिंग की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह है। इस प्रतियोगिता में चयनित उत्कृष्ट प्रोजेक्टों को राष्ट्रीय स्तर पर एक करोड़ रुपये तक के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।