ग्रेटर नोएडा। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व मेरठ मंडल कोऑर्डिनेटर हरगोविंद भाटी के बेटे राहुल (30) की शुक्रवार सुबह हत्या कर दी गई। उसका शव मेट्रो डिपो और जुनपत पुलिस चौकी के बीच सड़क पर मिला। राहुल के सिर पर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने किसी परिचित पर वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। राहुल की बाइक वहां से करीब पांच किमी दूर पल्ला रेलवे फाटक के पास खड़ी मिली है। पुलिस बाइक और शव मिलने के स्थान के बीच सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस को घटना के संबंध में ठोस सुराग हाथ लगे हैं।
दादरी कोतवाली क्षेत्र के पल्ला गांव निवासी वरिष्ठ बसपा नेता हरगोविंद भाटी का बेटा राहुल खेतीबाड़ी का काम संभालता है। शुक्रवार सुबह वह घर से बाइक लेकर निकला था। उसकी बाइक पल्ला गांव के रेलवे फाटक के पास मिली। दोपहर 12 बजे पुलिस को एक युवक सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की जुनपत चौकी क्षेत्र में मेट्रो डिपो के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस उसे अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान राहुल के रूप में हुई। पुलिस ने राहुल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन और ग्रामीण जुनपत पुलिस चौकी के पास एकत्रित हो गए और राहुल का शव मिलने वाले स्थान पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक जिस स्थान पर राहुल का शव मिला वह जुनपत पुलिस चौकी से लगभग 600 मीटर दूर है। वहीं पुलिस इस स्थान को चौकी से डेढ़ दो किमी दूर बात रही है।
बाइक की चाबी पर लिखे नंबर से हुई पहचान
पुलिस का कहना है कि राहुल ने गले में दो चेन पहनी हुई थीं। इससे साफ है कि लूट के लिए उसकी हत्या नहीं की गई। हत्या का कारण कुछ और है। राहुल के पास से उसकी बाइक की चाबी मिली। चाबी के की रिंग पर बाइक का नंबर लिखा था। इस नंबर की पड़ताल करने पर राहुल की पहचान की गई और फिर परिजन को सूचना दी गई।
सुबह 11 बजे शेयर चैट पर अपलोड किया गया वीडियो
परिजनों के मुताबिक राहुल ने शेयर चैट पर एक वीडियो अपलोड किया था। सुबह करीब 11 बजे अपलोड किया गया वीडियो उसके बाइक मिलने के स्थान के आसपास का है। परिजनों का दावा है कि तब तक राहुल ठीक था और इसके बाद ही उसके साथ कोई वारदात हुई है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि राहुल को कोई कार में बैठाकर पल्ला गांव के पास से लेकर आया है। आशंका है सिर पर गोली मारकर हत्या की गई है। कुछ युवकों को पुलिस ने पूछताछ में हिरासत के लिए लिया है।
सीसीटीवी में पैदल दिखा राहुल
एसीपी पीपी सिंह ने बताया कि एक सीसीटीवी फुटेज में राहुल अकेला पैदल जाता दिखाई दिया है। हत्या का कोई फुटेज नहीं मिला है। फिलहाल परिजन की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। हालांकि शुरुआत में ऐसा प्रतीत लग रहा था कि राहुल किसी हादसे का शिकार हुआ है। अन्य सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर आदि खंगाल कर जांच की जा रही है।
वारदात में किसी परिचित का हाथ होने की आशंका है। वारदात के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। सिर से अधिक खून बहने से उसकी मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी गई है। - हरीश चंदर, डीसीपी सेंट्रल जोन