बुलंदशहर के लिए उपयोगी।
-पुलिस ने सप्लायर की दिल्ली व उत्तर प्रदेश की 20 करोड़ रुपये से अधिक की 14 प्रॉपर्टी कीं जब्त
-गिरफ्तार भाई सप्लायर का था मुख्य सलाहकार
-रकम को रियल एस्टेट कारोबार में लगवाता था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली पुलिस ने सुल्तानपुरी की भागी हुई ड्रग सप्लायर कुसुम के कारोबार में सहयोग करने वाले उसके भाई हरिओम और एक साथी सन्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सप्लायर की चार करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की थी, अब पुलिस उसकी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुल 20 करोड़ की 14 प्रॉपर्टी जब्त की है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस भागी हुई कुसुम की गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने कुसुम के भाई और उसके साथी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस इससे पूर्व कुसुम के बेटे और दो बेटियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस इनकी और संपत्तियों का पता लगा रही है। बाहरी जिला स्पेशल स्टाफ ने एक सूचना पर मार्च माह में सुल्तानपुरी स्थित कुसुम के घर पर दबिश दी थी। पुलिस ने यहां से कुसुम के बेटे अमित को गिरफ्तार किया था। पुलिस को यहां से 550 पैकेट हेरोइन, ट्रामाडोल टैबलेट्स, 14 लाख रुपये नकद और एक स्कार्पियो एसयूवी बरामद की थी। पूछताछ में पता चला कि कुसुम के अलावा उसके मुख्य सलाहकार बुलंदशहर यूपी का रहने वाला उसका भाई हरिओम वहां से भाग गया था।
उसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। उसके बारे मेंं पुलिस को पता चला कि कुसुम की ड्रग्स से कमाई गई रकम से वह प्रॉपर्टी खरीद रखा है। उसके बाद पुलिस ने दिल्ली के करीब 4 करोड़ की प्रॉपर्टी को जब्त की। बाद में पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ प्रॉपर्टी को जब्त कर लिया। पुलिस अब तक उसकी 14 प्रॉपर्टी को जब्त कर चुकी है, जिसकी कीमत 20 करोड़ आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में कुसुम की दोनों बेटियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सन्नी कुसुम के हेरोइन की नेटवर्क का काम देखता था और नकदी का इंतजाम करता था।