चंद्रशेखर ने की थी दिल्ली में लव मैरिज
पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पहले चंद्रशेखर ने दिल्ली में प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ दिनों बाद विवाद के चलते पति-पत्नी अलग हो गए। चंद्रशेखर का ताऊ के बेटे भिक्की पर 50 हजार रुपये बकाया था। पुलिस को दी शिकायत में चंद्रशेखर के भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार को भिक्की ने पैसे वापस देने की बात कहकर चंद्रशेखर को घर बुलाया था। सोमवार तड़के भिक्की, पत्नी बबीता, सतवीर, मोनू और लखन ने लाठी डंडो से पीट-पीट कर चंद्रशेखर की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को भिक्की के दरवाजे पर डालकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर भिक्की और बबीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बेटी की कनपटी पर तान दिया था तमंचा
पुलिस पूछताछ में आरोपी भिक्की और बबीता ने बताया कि चंद्रशेखर ने रुपये लेनदेन के विवाद में घर में घुसकर उनकी नाबालिग बेटी की कनपटी पर तमंचा तान दिया था। वह गोली मारने की धमकी दे रहा था। जिसके बाद दंपती समेत तीन अन्य ने मिलकर आरोपी पर हमला कर दिया।
ट्रक चालकों से तमंचे के बल पर लूटकर फरार हुआ था चंद्रशेखर
रविवार रात करीब डेढ़ बजे फरीदाबाद में दिल्ली आगरा हाईवे पर बाइक सवार तीन लोगों ने ट्रक चालकों को लूटा था। लूटे गए मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर सीआईए की टीम जेवर पहुंच गई। ट्रक ड्राइवरों से लूटे गए दो फोन की लोकेशन जेवर थाने में ट्रेस हो रही थी लेकिन आरोपी नहीं मिल रहा था बाद में पता चला की चंद्रशेखर के पास से बरामद पांच फोन में से दो फरीदाबाद से लूटे गए थे। पांचों फोन जेवर पुलिस कब्जे में लेकर सील कर चुकी थी। सीआईए टीम ने बताया कि चंद्रशेखर पर हत्या लूट और अन्य आपराधिक केस पलवल, फरीदाबाद और दिल्ली में दर्ज हैं।