घुमनहेड़ा में गोशाला की स्थापना के लिए कपिल मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सचिवालय में शुक्रवार को घुमनहेड़ा गांव में नई गोशाला की स्थापना और संचालन के लिए बैठक आयोजित की गई। इसमें विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि गोवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित वातावरण में लाना ही हमारी प्राथमिकता है। घुमनहेड़ा में गोशाला की स्थापना की पहल राजधानी की सड़कों को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के साथ पशु कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व में मील का पत्थर साबित होगी।
बैठक में विकास आयुक्त शूरवीर सिंह के अलावा पशुपालन इकाई के वरिष्ठ अधिकारी, इस्कॉन, गोपाल गौ सदन जैसे एनजीओ और अन्य हितधारकों ने सुझाव रखे। इसमें गोशाला के संचालन, रखरखाव और आत्मनिर्भर बनाने पर चर्चा हुई। इस मौके पर कपिल मिश्रा ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य गोवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण प्रदान करना है।
वर्ष 1994 में पंचायत इकाई ने पशुपालन इकाई को गोशालाओं के लिए 99 वर्ष की लीज पर जमीन आवंटित की थी, तब पांच गोशालाएं स्थापित की गईं थीं। इनमें से चार वर्तमान में संचालित हैं। नई गोशाला का संचालन एनजीओ, ट्रस्ट, फाउंडेशन या कॉर्पोरेट संस्था को सौंपा जाएगा। इसे अभिरुचि आमंत्रण प्रक्रिया के माध्यम से चुना जाएगा। चयनित संस्था को अपने खर्च पर गोशाला का निर्माण, संचालन और रखरखाव करना होगा।