सासनी क्षेत्र के गांव सिंघर्र में गंदे नाले पर अब नई पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य के लिए 1.19 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति शासन से प्राप्त हो गई है। जल्द ही इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
गांव सिंघर्र में नाले पर बनी पुरानी पुलिया काफी जर्जर और संकरी हो चुकी है। बारिश के दिनों में यहां जलभराव होने और फिसलन के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता था। ग्रामीणों को बाजार, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ती थी। कई बार स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शिकायतें कीं, लेकिन वर्षों तक यह मांग लटकी रही। अब शासन स्तर से पुलिया के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। अधिशासी अभियंता लोनिवि संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।