सीतापुर। जिले में किसान सम्मान निधि में बड़े पैमाने पर गड़बड़झाला सामने आया है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार 18 हजार 826 ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें पति-पत्नी दोनों किसान सम्मान निधि प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही 1294 नाबालिगों को भी सम्मान निधि मिल रही है। किसानों की फैमली आईडी की पड़ताल से इसका खुलासा हुआ है। इस सूची के अनुसार कृषि विभाग अपात्र श्रेणी के किसानों का सत्यापन करवा रहा है। जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
जिले में सात लाख 44 हजार 726 किसान पंजीकृत हैं। इसके सापेक्ष सात लाख 22 हजार 104 किसानों को सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को एक साल में तीन किस्तों में 6 हज़ार रुपये दिए जाते हैं। फार्मर आईडी और आधार कार्ड से शासन स्तर पर जिले के 18 हज़ार 862 दंपतियों की सूची तैयार की गई है। यह दंपती किसान सम्मान निधि का दोहरा लाभ ले रहे हैं। अब इन दंपतियों का विभाग सत्यापन करा रहा है।
यदि जांच में पति और पत्नी दोनों किसान सम्मान निधि लेते पाए गए तो एक सदस्य की सम्मान निधि राेकने के साथ वसूली भी हो सकती है। इसके लिए उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। इसके साथ ही 1294 नाबालिगों को भी सम्मान निधि मिल रही है। इसकी भी जांच हो रही है।