ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज वन सोसाइटी में फ्लैट के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला है। फ्लैट से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस और मेंटेनेंस टीम को सूचना दी थी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। पत्नी ने कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, सुभाष शर्मा (45) सोसाइटी में टावर बी-9 के एक फ्लैट में अकेले रहते थे। बुधवार सुबह उनके फ्लैट से बदबू आ रही थी। सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। उसके बाद दिल्ली में रह रही पत्नी को सूचना दी जिसने पति के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी। संक्रमित होने के बाद से वे होम आइसोलेट थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। चार दिन से सुभाष ने कोरियर की डिलीवरी भी नहीं ली थी। सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों चार दिन से दिखाई नहीं देने की जानकारी दी।
फोन भी किया गया, लेकिन उठाया नहीं। होम आइसोलेशन में अचानक तबीयत खराब होने पर उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि सुभाष के पत्नी से संबंध अच्छे नहीं थे। इससे दोनों अलग रह रहे थे। बिसरख कोतवाली की प्रभारी अनिता चौहान ने बताया कि कोरोना संक्रमित होने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।