भंगेल में घर में लगी भयंकर आग, पांच लोग झुलसे
- सिलिंडर में लीकेज होने से लगी आग, आग को बुझाया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फेज टू क्षेत्र स्थित भंगेल गांव में एक मकान में सिलिंडर में लीकेज होने से आग लग गई। आग लगने से घर के अंदर परिवार के लोग फंस गए और पांच लोग आग से झुलस गए। अग्निशमन विभाग की टीम सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर आग को बुझा दिया। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सभी की हालत में सुधार हो रहा है।
भंगेल गांव में पिलर नंबर 128 के सामने वाली गली में 55 वर्षीय हरिमोहन व्यास परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। शुक्रवार देर शाम को खाना बनाने के दौरान सिलिंडर से गैस लीकेज हो गई। उस वक्त घर के लोग व्यस्त थे। इस कारण कुछ देर तक गैस निकलने के बाद पता चला। तब तक घर में गैस भरने से आग लग गई। आग लगते ही तेज लपटें निलकने लगी और घर के अंदर रखे सामान में आग पकड़ लिया। आग लगते ही घर में अफरातफरी व चीख पुकार मच गई। आग के फैलने से घर के लोग कुछ देर के लिए अंदर फंस गए और पांच लोग झुलस गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार का कहना है कि आग लगने की सूचना पर मौके पर अग्निशमन की टीम दमकल गाड़ी के साथ पहुंची और आग को बुझा दिया गया है। प्राथमिक जांच में सिलिंडर से गैस लीकेज होने के बाद आग लगी है। कोतवाली फेज टू के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि आग लगने से 55 वर्षीय हरिमोहन व्यास, इनकी पत्नी 50 वर्षीया राजकुमारी और तीन बेटे 25 वर्षीय सचिन, 22 वर्षीय शिवम व 19 वर्षीय हिमांशु झुलस गए।
तृतीय मंजिल पर लगी आग : जिस किराए के मकान में हरिमोहन व्यास रहते हैं। वह तृतीय मंजिल पर है। जब आग लगी तब अचानक से घर के अंदर फैल गई और कपड़े, फर्नीचर से लेकर अन्य सामान में आग लग गई। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर के अंदर आग की लपटें व धुआं भर गया। इससे घर के अंदर परिवार के लोग फंस गए।
आसपास लगी भीड़, पड़ेासी घर से भागे : आग की लपटें इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी सहम गए। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और पड़ोस में रहने वाले लोग भी घरों से निकल गए। जब अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने व बचाने का काम शुरू किया तब लोगों ने राहत की सांस ली।