जिला अस्पताल के डॉक्टर को हनी ट्रैप में फंसाकर किया ब्लैकमेल
- घर से जूलरी, नकदी लेकर भागी, महिला समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर को एक महिला हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही है। आरोप है कि महिला डॉक्टर के घर से जूलरी और नकदी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गई। विरोध करने पर डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने महिला समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डाॅ. रविंद्र कुमार की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक एक महिला ने प्रेम जाल में फंसा कर उनसे शादी करने का नाटक किया। जबकि वह पहले से शादीशुदा है। आरोप है कि अब महिला अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। वह नके घर से सामान चोरी कर ले गई। इस मामले में ट्विंकल भारती, हरेंद्र भाटी, विजेंद्र, मदन समेत अन्य के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-20 में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में पांचों पर घर से सोने-चांदी की जूलरी, करीब डेढ़ लाख नकद और अन्य सामान लेकर भागने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि ट्विंकल भारती शादीशुदा है। ट्विंकल उनसे प्रेम करने का नाटक कर साथ रहने लगी। आरोप है कि ट्विंकल ने उनके अकाउंट से अपनी बहन के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। मना करने पर बिजेंद्र भाटी, मदन व अन्य लोगों के नाम लेकर उन्हें धमकाने लगी। आरोप है कि ट्विंकल, हरिंदर ,बिजेंदर, मदन आदि हनी ट्रैप में फंसाकर लोगों को ब्लैकमेल करते हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।