अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर छात्रा को किया ब्लैकमेल, गिरफ्तार
सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी अलीगढ़ निवासी आरोपी से दोस्ती
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीबीए छात्रा की अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने दोस्त अमानुल्लाह फारूकी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि थाना सिविल लाइन, अलीगढ़ निवासी फारूकी ने अश्लील फोटो-वीडियो दिखाकर उसे होटल बुलाया और संबंध बनाने को मजबूर किया। विरोध पर आरोपी ने युवती को प्रताड़ित किया।
मूल रूप से जमशेदपुर, झारखंड निवासी युवती ग्रेनो के एक निजी काॅलेज में बीबीए की छात्रा है। सोशल मीडिया के जरिये एक साल पहले उसकी दोस्ती अमानुल्लाह से हुई थी। छात्रा का आरोप है कि बातों में फंसाकर अमानुल्लाह ने उसकी न्यूड फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन फोटो और वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करने लगा और होटल में बुलाया। यहां पर आरोपी ने संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन शोर मचाने पर छोड़ दिया।
इसके बाद आरोपी ने एक बार फिर से फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे दिल्ली के होटल में बुलाया। यहां पर भी संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर छात्रा के कपड़े फाड़ दिए। 13 मार्च को आरोपी ने हाॅस्टल के बाहर छात्रा की पिटाई की। इसके बाद अमानुल्लाह ने फोटो और वीडियो छात्रा की मां और अन्य परिजनों को भेज दिए। आरोपी के भाई ने पीड़ित परिवार को व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश भेजे। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।