घर-घर चलेगा भाजपा का महासंपर्क अभियान
नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर नौ वर्षों के भाजपा सरकार के किए गए कार्यों को गिनाएंगे
सेक्टर-73 में पार्टी की क्षेत्रीय बैठक में लोकसभा चुनाव का फूंका बिगुल
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह और प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह रहे मौजूद
30 मई से 30 जून तक चलेगा अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-73 में भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय बैठक में घर-घर महासंपर्क अभियान शुरू करने का घाेषणा की गई। इसके तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर नौ वर्षों के भाजपा सरकार के किए गए कार्यों को गिनाएंगे। अभियान 30 मई से 30 जून तक चलेगा। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह और प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सभी को एकजुटता के साथ लोगों से संपर्क के लिए कवायद करनी होगी। निकाय चुनाव में भाजपा को किसी भी दल की तुलना में सबसे बड़ी सफलता मिली है। यह हमारे लिए सबसे अच्छा परिणाम है। इसमें सभी कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की है। हम सबको साथ लेकर चलेंगे, जो भी हमारी विचारधारा के साथ चलेगा उसको संग लेकर चलेंगे।
प्रदेश के प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार के सफल नौ साल के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के परिवर्तनकारी नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत के दृष्टिकोण को साकार करने की आकांक्षा को प्रभावी और सुनियोजित तरीके से पूरा किया गया है। हमारी सरकार हमारे राष्ट्र को सशक्त बना रही है और समृद्धि की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही है।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में किए गए बेहतरीन कार्यों के साथ जनता के पास जाएंगे। जनसंपर्क अभियान के माध्यम से रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। यह कार्य लोकसभा चुनाव तक चलता रहेगा। बैठक में पश्चिमी प्रदेश से सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी, सांसद, विधायक, नवनिर्वाचित मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष और सभी जिलों के अध्यक्ष रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने की। मुख्य अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंशी, विधायक पंकज सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सांसद जनरल वीके सिंह, सांसद संजीव बालियान, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, मोहित बेनीवाल, सतपाल सैनी, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, विकास गुप्ता, डॉ. चंद्र मोहन, नोएडा जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता, बीजेंद्र नागर, उमेश त्यागी, गणेश जाटव, तन्मय शंकर, प्रमोद बहल, गिरीश कोतनाला, चमन अवाना, डॉ प्रसेनजीत, शिवांष श्रीवास्तव समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-
इस तरह की बनी रणनीति
अभियान के तहत पूरे प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क, लाभार्थी जनसंपर्क, समाज के विभिन्न वर्गों से जनसंपर्क के अलावा दूसरी अन्य विधियों से काम होगा। इसमें लोकसभा, विधानसभा और बूथ स्तर तक के कार्यक्रम होंगे। सबसे पहले 19 मई को क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी। इसके बाद जिला कार्यसमिति की बैठक 20 और 21 मई को आयोजित की जाएगी। जिला स्तर की बैठक में सांसद, विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि की उपस्थिति होंगे, साथ ही जिला प्रभारी एवं जिला अध्यक्ष की ओर से 22, 23 और 24 मई के प्रस्तावित अभियान के बारे में बताया जाएगा।
सभी लोकसभा क्षेत्रों में जनसभा होगी, साथ ही जन सम्मेलन के अलावा व्यापारी सम्मेलन होगा। सोशल मीडिया सम्मेलनों के माध्यम से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सक्रिय और प्रभावी लोगों को जोड़ा जाएगा। एक जून से 20 जून तक विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इसमें मोर्चों के सम्मेलन, लाभार्थियों के लिए सम्मेलन होगा। 21 जून को सभी बूथों पर योग दिवस मनाया जाएगा। इस के साथ ही महासंपर्क अभियान के तहत 250 विशिष्ट परिवारों की सूची तैयार होगी, जिनके माध्यम से वहां के सभी पदाधिकारी लोगों से जनसंपर्क करेंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर 23 जून को प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन हर बूथ पर प्रस्तावित किया जाएगा। वहीं, प्रधानमंत्री के मन की बात का कार्यक्रम 25 जून को प्रस्तावित है। इसे हर बूथ पर प्रसारित कराया जाएगा।